बिहारराज्यलोकल न्यूज़
मुख्य मार्ग पर टूटा बिजली का पोल, अफरा-तफरी के बीच लगा जाम
गुरारू (गया)। गुरारू चौक स्थित मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक बिजली का एक पोल आधे हिस्से से टूटकर ऊपर ही लटक गया। व्यस्त सड़क पर यह घटना होते ही आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पोल के टूटकर झूलने से राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। घटना के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ देर के लिए सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल को दुरुस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।




