
धर्मपुर गांव में बाल विवाह के खिलाफ चला जागरूकताअभियान,
करपी(अरवल)चंचल कुमारी और जीनत प्रवीण ने बताए दुष्परिणाम
अरवल जिला के करपी प्रखंड अंतर्गत परियारी पंचायत के धर्मपुर गांव में विकास पथ विक्रम संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चंचल कुमारी और जीनत प्रवीण ने ग्रामीणों को बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराया।
दोनों समाजसेविकाओं ने बताया कि बाल विवाह से न केवल बच्चों का बचपन छीना जाता है, बल्कि उनका शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास भी बाधित होता है। बालिकाओं में गर्भावस्था के दौरान जोखिम अधिक बढ़ जाता है, जिससे मातृ मृत्यु दर भी बढ़ती है। चंचल कुमारी ने ग्रामीणों को कानून की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़कों की शादी कानूनन अपराध है।
इस अभियान में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की। विकास पथ विक्रम संस्था की यह पहल समाज को जागरूक बनाने और बच्चों को सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
				
					



